शाही जामा मस्जिद में जुमे की नमाज अदा करते मुस्लिम समुदाय के लोग
- फोटो : अमर उजाला
अयोध्या मामले में आने वाले सुप्रीम कोर्ट के फैसले के मद्देनजर जुमे की नमाज के बाद शहर की शाही जामा मस्जिद समेत अन्य मस्जिदों में अमन-चैन की दुआ मांगी गई।
शाही जामा मस्जिद के इमाम इरफान उल्लाह निजामी ने कहा कि मुल्क में अमनोअमान कायम रहे, इसके लिए जरूरी है कि सभी लोग एक दूसरे के अहसासों का ख्याल रखें। हॉस्पिटल रोड स्थित इमली वाली मस्जिद में मुतवल्ली सैयद इरफान सलीम की अगुवाई में लोगों ने देश में अमन-चैन की दुआ मांगी। इस दौरान समी आगाई, बुंदन मियां आदि मौजूद रहे।
इसी तरह मंटोला में कैथ वाली मस्जिद, लोहामंडी, शाहगंज और पक्की सराय की मस्जिदों में नमाज के बाद सामूहिक रूप से अमनोअमान की दुआ पढ़ी गई। इस्लामिया लोकल एजेंसी के चेयरमैन हाजी असलम कुरैशी ने कहा कि मुल्क में अमन की दुआएं की जा रही हैं।
दूसरी ओर, कैथ वाली मस्जिद में दुआ के बाद हिंदुस्तानी बिरादरी के डॉ. सिराज कुरैशी ने कहा कि अयोध्या मामले में कोई भी निर्णय आए, उसका सम्मान करना होगा।
सभी हिंदुस्तानियों को अदालतों पर यकीन है। ऐसे में सभी पक्षों को संयम और धैर्य के साथ इस घड़ी में साथ देना होगा। इस दौरान मोहम्मद शरीफ काले, मोहम्मद जावेद, जमील उस्मानी, जियाउद्दीन, हाजी चांद, हाजी कदीर आदि मौजूद रहे।
कंट्रोल रूम 0562-2260550 पर करें शिकायत, दें सूचना
कलक्ट्रेट स्थित नागरिक सुरक्षा कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यह कंट्रोल रूम 24 घंटे कार्य करेगा। आठ-आठ घंटे की तीन शिफ्ट में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। हर शिफ्ट में पांच कर्मचारी तैनात रहेंगे। यह न सिर्फ शिकायतों और सूचनाओं को एकत्रित करेंगे बल्कि संबंधित अधिकारी तक पहुंचाएंगे भी।
एडीए सिटी प्रभाकांत अवस्थी ने इस संबंध में आदेश जारी किया। कंट्रोल रूम का नंबर 0562-2260550 है। यह कंट्रोल रूम नागरिक सुरक्षा के उपनियंत्रक जसवंत सिंह की निगरानी में कार्य करेगा। शिकायतों और सूचनाओं को एक रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा।
शिकायतकर्ता का नाम और नंबर भी अंकित रहेगा। ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी इनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारी को सूचित करेंगे। एडीएम सिटी का कहना है कि लापरवाही न बरतने की हिदायत दी है। सभी सूचनाओं और शिकायतों को तत्काल सूचित करना होगा।