सिकंदरा क्षेत्र के कई अपार्टमेंट में श्रीराम प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में भव्य सजावट की गई है। खास बात ये है कि अपार्टमेंट की पहचान को ही बदल दिया गया है। अलग-अलग नाम रखे गए हैं।
अयोध्या में हो रहे श्रीराम प्रतिष्ठा महोत्सव के उपलक्ष्य में यहां भी पूरा शहर भगवान श्रीराम की भक्ति में डूबा है। सिकंदरा क्षेत्र के कई अपार्टमेंट की पहचान बदल गई है। किसी को अयोध्या के नाम से सजाया गया है तो किसी के द्वार का नाम भरत, लक्ष्मण और पवन सुत के नाम पर है।
विज्ञापन
होली पब्लिक स्कूल से महर्षिपुरम की ओर सड़क के किनारे के सभी अपार्टमेंट के प्रवेश द्वार भव्य रूप से सजाए गए हैं। फूलों व रोशनी की भी साज-सज्जा है। गणपति किंग्स काउंटी अपार्टमेंट अयोध्या धाम के रूप में सजा है। विशेष प्रवेश द्वार बना है। परिसर में सोसाइटी ने अखंड रामायण शुरू है। ओमश्री अपार्ट के प्रवेश द्वार को भरत द्वार के रूप में सजाया गया है।
स्पेस टॉवर-1 और स्पेस टॉवर-2 आमने-सामने स्थित हैं। स्पेस टॉपर-1 का प्रवेश द्वार पवन सुत के नाम पर और स्पेस टॉवर-2 के द्वार का नाम लक्ष्मण द्वार दिया गया है। भवनों को भी सजाया गया है। प्रवेश द्वारों के सामने लोग सेल्फी लेते दिखे। रविवार को इन अपार्टमेंट्स के सामने से श्रीराम शोभायात्रा भी निकाली गई। संबंधित सोसाइटी की ओर से यात्रा का स्वागत किया गया। लोगों ने नृत्य भी किया।
विज्ञापन
हर घर व प्रतिष्ठान पर धर्म ध्वजा
शहर के अधिकतर बाजारों, कॉलोनियों, बस्तियों के घरों पर प्रतिष्ठानों पर धर्म ध्वजा लगी है। अमूमन हर गली, सड़क पर भगवान श्रीराम के भजन गूंज रहे हैं और जयकारे लग रहे हैं।