कासगंज। क्षेत्र के गढ़ी अड्डे पर एक ऑटो चालक पर 15 अगस्त को रंजिश के चलते चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया गया। ऑटो चालक ने चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिशें दे रही है। गढ़ी अड्डे पर 15 अगस्त को ऑटो चालक धनपाल जिरौली से कासगंज ऑटो लेकर आ रहा था। सवारियों को गढ़ी अड्डे पर उतारा और उनसे किराया वसूल रहा था। तभी पीछे से अजब सिंह, गौरव, वीरेश और सुनील निवासी नई बस्ती कलियानपुर रोड ने उस पर हमला बोल दिया।
उस पर चाकू से भी प्रहार किया गया। जिससे वह गंभीर घायल हो गया। अन्य ऑटो चालकों को एकत्रित होते देख आरोपी भाग गए। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिसके बाद ऑटो चालक ने पुलिस को चारों आरोपियों के खिलाफ बुधवार को तहरीर दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सिद्धार्थ तोमर ने बताया कि ऑटो चालक की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिशें दी जा रही हैं।