कासगंज। क्षेत्र के ग्राम नगला बेरी में शमशान की जमीन पर बुल्डोजर चलाकर कब्जा करने का प्रयास किया गया। मामले की शिकायत ग्रामीणों ने एसडीएम से की है। लेकिन प्रशासन की तरफ से कोई सार्थक कदम नहीं उठाया जा सका है। इससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
ग्रामीणों का आरोप है कि नगला बेरी में लगभग 100 साल पुराना श्मशान स्थल है। इस पर गांव के ही कुछ लोगों ने 19 नवंबर को बुल्डोजर चलाकर समतल करा कर कब्जा करने का प्रयास किया। जिसकी जानकारी होने पर ग्रामीणों ने काम को रुकवा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि श्मशान पर कब्जा किए जाने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों ने उप जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर मामले की शिकायत की है। वहीं आरोपी के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में राम अवतार, लाजपत, राजकुमार सहित अन्य ग्रामीण शामिल हैं।