कासगंज जिले के थाना पटियाली क्षेत्र में सनसनीखेज मामला सामने आया है। थाना क्षेत्र के एक गांव में मासूम बच्चे की बलि देने की कोशिश की गई। घटना से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने दो आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, वहीं दो तांत्रिक मौके से भागने में सफल हो गए। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
थाना गांव निवासी जरमन धीमर के आठ वर्षीय अंशू को गांव का ही टेलर बंटी चिक कपड़े का नाप लेने के बहाने बुलाकर अपने साथी राजेश के घर ले गया। जहां बलि देने के लिए पूरी तैयारी की गई थी। घर में एक गड्ढ़ा खोद गया था। दो साधू पहले से ही वहां मौजूद थे।
बालक पहुंचते ही पूजा-पाठ शुरू कर दिया गया। जब बालक काफी देर तक घर वापस नहीं आया तो परिजनों को चिंता हुई। उसका पिता बालक को बुलाने के लिए बंटी के घर पर गया तो वो वहां नहीं मिला। इससे उनकी चिंता बढ़ गई। उसने लोगों से बेटे के बारे में पूछताछ की तो पता चला कि अंशू को लेकर बंटी राजेश के घर गया है।