पुलिस अधिकारी बताकर स्वास्थ्यकर्मी से ठगी की कोशिश
- वीडियो कॉल पर महिला से अश्लीलता का आरोप, थाने में दी तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
बेवर। थाना क्षेत्र के गांव मद्दापुर निवासी एक स्वास्थ्यकर्मी के पास मंगलवार की सुबह एक फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को डीएसपी बताते हुए कहा की उसने एक महिला से अश्लील वीडियो कॉल की है। बचना है तो बताए नंबर पर 12 हजार रुपये डाल दो। स्वास्थ्यकर्मी ने थाने में तहरीर दी है।
गांव मद्दापुर धर्म निवासी देवेंद्र कुमार सीएचसी पर संविदा पर स्वास्थ्यकर्मी के पद पर तैनात है। बताया कि सोमवार की दोपहर उसके फोन पर एक नंबर से कॉल आई। इसके कुछ देर बाद एक महिला ने वीडियो कॉल की और उसे अश्लील फोटो आदि दिखाने लगी। उसने फोन काट दिया और अपना काम करने लगा। मंगलवार की सुबह एक अन्य नंबर से कॉल आया। जब बात की तो शख्स ने अपने आप को मुंबई में डीएसपी बताते हुए कहा कि तुमने कल एक महिला से अश्लील वीडियो कॉल की है। उसे झूठे मामले में फंसाने को लेकर धमकाने लगा। उसने कहा कि अगर बचना चाहते हो तो बताए गए खाता नंबर में 12 हजार रुपये डाल दो। वह घबरा गया और फोन काट दिया। स्वास्थ्यकर्मी ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।