वृंदावन के युगल घाट स्थित देवी मंदिर में बांके बिहारी मंदिर के सेवायत दो गोस्वामी भाइयों पर 12 लोगों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने मंदिर पर पथराव और फायरिंग की। इस घटना में दोनों गोस्वामी भाई घायल हो गए। पीड़ित गोस्वामी ने घटना की तहरीर कोतवाली में दी है।
बांके बिहारी मंदिर के सेवायत मयूर गोस्वामी ने कोतवाली में दी तहरीर में लिखा है कि रविवार दोपहर वो बांके बिहारी मंदिर में खड़े थे। आरोप है कि तभी राजपुर निवासी एक युवक उनकी जेब में हाथ डालने लगा। उन्होंने इसका विरोध किया तो युवक ने गाली-गलौज कर मारपीट पर आमादा हो गया और धमकी देकर चला गया।
मंदिर के पट बंद होने पर वो अपने भाई विशाल गोस्वामी के साथ जैसे ही युगल घाट स्थित देवी मंदिर पहुंचे तो वहां आरोपी युवक 12 लोगों को साथ बैठा मिला। मयूर गोस्वामी ने बताया कि वहां हमलावरों ने लाठी और सरिया से उन लोगों पर हमला बोल दिया और फायरिंग की। मंदिर पर पथराव भी किया।