कोसीकलां (मथुरा)। एटीएम से रुपये निकालने गए युवक से कार सवार बदमाश एटीएम कार्ड छीन ले गए। बाद में बदमाशों ने छाता में एटीएम से 20 हजार रुपये निकाल लिए। घटना की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
देहली गेट निवासी इब्राहीम का पुत्र रासिद बस स्टैंड के समीप एटीएम से सोमवार की दोपहर में रुपये निकालने गया था। जब वह एटीएम में घुसकर रुपये निकाल रहा था। तभी वहां एक कार आकर रुकी। कार में सवार दो युवक घुस गए और पीछे खड़े होकर पासवर्ड देख लिया। रासिद ने बताया कि इसी दौरान युवकों ने उसके हाथ से एटीएम छीनकर दूसरा एटीएम थमा दिया।
बाद में युवक कार में बैठकर भाग निकले। एटीएम छीनकर भागने के बाद रासिद ने शोर मचाया तो वहां काफी लोग एकत्रित हो गए। बाद में बैंक पहुंचकर एटीएम को ब्लॉक कराया। इसी दौरान युवकों ने छाता में केनरा बैंक के एटीएम से चार बार में 20 हजार निकाल लिए। इसका मैसेज मोबाइल पर देख उसके होश उड़ गए। घटना की तहरीर इब्राहीम ने पुलिस को दी है। घटना के बाद पुलिस ने एटीएम में जाकर सीसी फुटेज खंगाले तो उसमें युवक छीनाझपटी करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही हैं।
टेंपो चालक ने दंपती से छीने रुपये
बाईपास से पैगांव जा रहे एक वृद्ध दंपती को टेंपो चालक उतारकर तीन हजार रुपये छीन कर ले गया। पैगांव निवासी बाबूलाल प्रजापति रविवार की दोपहर में पत्नी के साथ बल्लभगढ़ से लौटा था। बस से बाईपास पर उतरने के बाद वह गांव जाने के लिए एक टेंपो में सवार हो गया। टेंपो जैसे ही शेरगढ़ रोड पर पहुंचा तो चालक ने बाबूलाल की जेब में रखे तीन हजार रुपये छीन लिए और दोनों को उतारकर भाग गया।
युवक से मोबाइल छीन ले गए बदमाश
मोबाइल से बात करते हुए पैदल-पैदल जा रहे छात्र से बाइक सवार बदमाश मोबाइल लूट ले गए। वारदात शनिवार को शेरगढ़ रोड पर रेलवे पुल के समीप हुई। अग्रसेन नगर निवासी एक युवक गोपाल बाग की ओर से काम करके घर लौटकर रहा था। पैदल-पैदल पुल के पास पहुंचा था कि उसके मोबाइल पर घंटी बजी। उसने कॉल रिसीव किया और बात करते-करते आगे जाने लगा। इसी समय पीछे से बाइक सवार दो युवक आए और झपट्टा मारकर उसका मोबाइल छीन ले गए। युवक ने इसकी सूचना पुलिस को दी।