अटल बिहारी वाजपायी और हेमा मालिनी
यूं तो सिने अभिनेत्री हेमा मालिनी के करोड़ों प्रशंसक हैं, इन्हीं में से एक थे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी। उन्होंने सन 1972 में रिलीज हुई हेमा की फिल्म 'सीता और गीता' को 25 बार देखा। स्वयं हेमा ने पार्टी के स्थापना दिवस पर यह जानकारी सार्वजनिक की थी।
हेमा ने बताया था कि एक बार पार्टी पदाधिकारी जब उन्हें मिलवाने अटल जी के पास ले गए तो वे बात करने में थोड़ा हिचकिचाने लगे। पूछने पर पास खड़ी एक महिला ने उन्हें बताया कि दरअसल अटल जी आपके बहुत बड़े फैन है। उन्होंने फिल्म सीता और गीता को ही 25 बार देखा। आज अचानक सामने आने पर वह हिचकिचा रहे हैं। बता दें कि अटल बिहारी वाजपेयी को शहर के घीया मंडी स्थित सुरेश पकौड़े वाले के पकौड़े बेहद पसंद थे।
यही कारण है कि उनसे दिल्ली मिलने कोई जाता तो वे उसी से पकौड़े मंगा लेते थे। वे बांके बिहारी माहेश्वरी को फोन करते तो वे भी उनके यहां कार्यरत नारायण शर्मा को ब्रजवासी की रबड़ी, खुरचन व पेड़े लेकर ट्रेन से दिल्ली भेज दिया करते। वे जब भी मथुरा आते होली गेट स्थित ओमा की कचौड़ी व स्वामी घाट के बनिया का पान खाना नहीं भूलते।