उत्तर विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा, कांग्रेस और बसपा ने भले ही अपने प्रत्याशी घोषित न किए हों लेकिन, दावेदारों ने नामांकन पत्र लेना शुरू कर दिया है।
नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन भाजपा के प्रमोद गुप्ता सहित कुल 20 आवेदकों ने उम्मीदवारी के लिए नामांकन पत्र लिए। इसमें कांग्रेस के प्रमोद कुमार गोयल और बसपा के भगवान दास भी शामिल हैं।
उपचुनाव के लिए सोमवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। पहले दिन नामांकन पत्र जमा करने का खाता नहीं खुल सका। उम्मीदवारी के लिए नामांकन पत्र जरूर खरीदे गए। पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक अपर जिलाधिकारी नगर की कोर्ट में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दावेदार नामांकन पत्र लेने पहुंचे।
नामांकन पत्र भरने की काफी औपचारिकताएं हैं, इसलिए पहले दिन एक भी आवेदक अपना नामांकन पत्र जमा नहीं कर सका। सपा-बसपा गठबंधन के चलते यह सीट सपा के खाते में हैं, इसके बावजूद बसपा के एक आवेदक ने नामांकन पत्र लिया है। वहीं, निर्दलीय आवेदक के रूप में भी कई कइयों ने पर्चे लिए हैं।
ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन के इदरीश, वंचित समाज इंसाफ पार्टी के राशिद अली चौधरी, पीस पार्टी के सादाब नूर के अलावा निर्दलीय आवेदक के रूप में किशोर कुमार अग्रवाल, अंबेडकरी हसनूराम, लेखराज, विवेक शर्मा, मंजू, बाबूलाल, पंकज गौतम, डा. मदन मोहन शर्मा, विनीत अग्रवाल, वैभव शर्मा, रामब्रज यादव, रविंद्र दयाल, बृजेंद्र सिंह रावत और श्रीभगवान शर्मा ने भी नामांकन पत्र लिया है। सादाब नूर फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र से आदर्श समाज पार्टी के प्रत्याशी हैं। लेकिन, विधानसभा चुनाव के लिए उन्होंने पीस पार्टी की ओर से पर्चा लिया है।
अंबेडकरी हसनूराम 88वीं बार चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। उन्होंने उत्तर विधानसभा के उपचुनाव के लिए नामांकन पत्र लिया है। वह आगरा लोकसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी भी हैं। इससे पहले वह 87 बार चुनाव लड़ चुके हैं।