मथुरा में छाता पुलिस और बदमाशों के मध्य गांव सेंमरी के जंगल में हुई मुठभेड़ में बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी पुलिस पर गोली दागते हुए फरार हो गया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस की मानें तो अंतर्जनपदीय बदमाश 25 हजार का इनामी है। इस पर मथुरा के कई थानों में लूट के मुकदमे हैं।
छाता पुलिस ने हाईवे पर ट्रक को आता देखा तो रुकने का इशारा किया। बदमाश ट्रक को रोकने की बजाए भगा ले गए। छाता पुलिस ने पीछा किया तो गांव सेंमरी के निकट बेनामी के खेत में ट्रक उतार दिया। बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। बचाव करते हुए पुलिस ने गोली चलाई तो गोली एक बदमाश के बाएं पैर में लगी। दूसरा बदमाश खेत में भाग खड़ा हुआ। पुलिस ने घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
एसपी क्राइम अशोक कुमार मीणा ने बताया कि छाता थाना प्रभारी हरवेंद्र मिश्रा और थाना शेरगढ़ प्रभारी प्रदीप कुमार ने मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी राकेश पुत्र बाबू निवासी गढ़ी भीमा थाना शेरगढ़ को दबोचा है। इस पर जनपद के कई थानों में लूट के मुकदमे दर्ज हैं। करीब आठ महीने से कुख्यात फरार चल रहा था। एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने पुलिस टीम की पीठ थपथपाई है।