कासगंज में सीओ जीआरपी आगरा दरवेश कुमार इनामी अपराधी की गिरफ्तारी के संबंध में जानकारी देते
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। एसटीएफ व जीआरपी ने पुलिस अभिरक्षा से फरार चल रहे 50 हजार के इनामी शातिर अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है। ये गिरफ्तारी बुधवार को नोएडा के सेक्टर 58 की एक सिक्योरिटी एजेंसी से की। जीआरपी आगरा के सीओ दरवेश कुमार ने इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि इस शातिर आरोपी की गिरफ्तारी एसटीएफ यूनिट आगरा के सीओ उदय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक अमित गोस्वामी, जीआरपी कासगंज थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार, एसटीएफ और जीआरपी की 12 सदस्यीय टीम ने की है।
बताया कि वर्ष 2012 में पुलिस की अभिरक्षा से शातिर अपराधी नेत्रपाल सिंह निवासी ग्राम लव्हेड़ थाना अमृतपुर जिला फर्रुखाबाद फरार चल रहा था। एसटीएफ व जीआरपी की टीम लगातार उसकी तलाश कर रही थी। जीआरपी पुलिस द्वारा फरार आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया। पुलिस अभिरक्षा से भागकर वह नोएडा की सिक्योरिटी एजेंसी उमेश सिक्योरिटी सेक्टर 58 में नाम बदलकर नौकरी कर रहा था। उसने अपने आधार कार्ड, पहचान पत्र पर अजय एनपी सिंह एकता विहार जैतपुर बदरपुर दिल्ली का पता अंकित करा लिया था। सेना की सेवानिवृत्ति का भी एक फर्जी कार्ड तैयार करा लिया था। जिसके आधार पर सिक्योरिटी एजेंसी में ऑपरेशन हैड के पद पर काम कर रहा था। सीओ जीआरपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अमृतपुर व जीआरपी कासगंज थाने में मामले पहले से दर्ज हैं।