घिरोर। थाना पुलिस ने वाहन चोरी करने और उनके पार्ट्स की बिक्री करने वाले एक गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी की तीन बाइक और वाहनों के पार्ट्स बरामद किए गए हैं। रविवार को गिरफ्तार युवकों को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया। वहां से सभी को जेल भेज दिया।
शनिवार देर रात थाना पुलिस क्षेत्र में वाहन चेकिंग कर रही थी। तभी पीएचसी के सामने एक संदिग्ध युवक बाइक से आता दिखा। पुलिस ने जब रोक कर नाम पता पूछा तो उसने प्रदीप पुत्र अहिवरन सिंह निवासी गांव गोदना बताया। वह कागजात नहीं दिखा सका, सख्ती से पूछताछ करने पर उसने बताया कि बाइक उसने एटा से चोरी की थी। वह इसे सिराज अली के कबाड़े में बेचने जा रहा था। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक पहलवान सिंह ने टीम के साथ घिरोर शिकोहाबाद रोड पर सिराज की दुकान पर पहुंचे।
वहां भी एक बाइक मिली, इसके कागज कबाड़ी सिराज नहीं दिखा सका। उसने बताया कि प्रदीप कुछ दिन पूर्व 2500 रुपये में बाइक बेच गया था। प्रदीप ने सामने वाले कबाड़ी वकील निवासी मोहल्ला फर्राश को भी कुछ बाइक बेची हैं। इसके बाद पुलिस प्रदीप और सिराज को लेकर वकील की दुकान पर पहुंचे। तो वकील वहां से भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा किया लेकिन वह भाग गया। पुलिस ने दुकान से कई चोरी की बाइकों के पार्टस बरामद किए।
प्रदीप ने बताया कि उसने एक बाइक सत्यदेव पुत्र धनीराम कबाड़ी निवासी मैन बाजार डालगंज को भी बेची हैं। पुलिस ने बाइक बरामद कर कबाड़ी सत्यदेव को भी गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया गए भागे हुए वाहन चोर की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।