मैनपुरी के कस्बा भोगांव में मंगलवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने एक घर में घुसकर 18 लाख रुपये के जेवर और 40 हजार रुपये की नकदी लूट ली। बेटे को गन प्वाइंट पर लेकर वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीमें लुटेरों की तलाश में जुटी हैं। महिला ने एक युवक को पहचान लिया गया है। एक नामजद सहित एक अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
कस्बे के मोहल्ला जौहरी निवासी 70 वर्षीय आशा देवी पत्नी स्व. रामबाबू शर्मा मंगलवार सुबह करीब सात बजे घर के बाहर कूड़ा फेंकने आई थीं। इसी बीच दो युवक हाथों में तमंचा लेकर वृद्धा को घर के अंदर ही धक्का देकर मकान में घुस गए।
महिलाओं पर किया तमंचे के बट से हमला
अंदर से दरवाजा बंद करके आशा देवी और उनकी पुत्रवधू गरिमा शर्मा पत्नी स्व. विपिन शर्मा पर बदमाशों ने तमंचे की बट से हमला कर दिया। इस बीच एक युवक ने गरिमा के आठ वर्षीय पुत्र सक्षम शर्मा की कनपटी पर तमंचा लगा दिया और महिलाओं से अलमारी की चाबी ले लीं।
एक बदमाश बच्चे की कनपटी पर तमंचा लगाए रहा और दूसरा अलमारी में रखे जेवर और नकदी निकालने में जुट गया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश भाग निकले। महिलाओं के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और सूचना पुलिस को दी।
जानकारी मिलने के बाद एसपी अजय कुमार, सीओ प्रयांक जैन थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस टीम के साथ ही फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। गरिमा शर्मा ने 18 लाख रुपये के जेवर और 40 हजार रुपये की नकदी लूटे जाने की बात कही है।
एक आरोपी को पहचाना
पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने अरशद उर्फ पिद्दी पुत्र अली मोहम्मद उर्फ रौली निवासी मोहल्ला पटी गली व एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। एसपी ने खुलासे के लिए स्वॉट के अलावा प्रभारी निरीक्षक पहुप सिंह व वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुरेश चंद्र शर्मा के नेतृत्व में दो टीमों को वारदात के खुलासे के लिए लगाया है।
पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने बताया कि नामजद आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही वारदात का पुलिस जल्द खुलासा करेगी। स्वॉट टीम के अलावा थाना के दो टीमों को लगाया गया है।