आगरा। शुक्रवार को शहर की हवा खराब स्तर पर रही। प्रदूषण के चलते लोगों का सांस लेना मुश्किल हो गया। आगरा स्मार्ट सिटी के सेंसर के मुताबिक यमुना पार में भाटिया पेट्रोल पंप, फाउंड्री नगर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 489 के पार दर्ज किया गया, जो दिन का सबसे प्रदूषित स्थान रहा। इसके अलावा शहीद नगर में 448, संजय प्लेस में 370 दर्ज किया गया। भाटिया पेट्रोल पंप, फाउंड्री नगर पर पीएम 10 का स्तर 920.26 और शहीद नगर में 611.99 रिकार्ड हुआ। वहीं यूपीपीसीबी ने आगरा का एक्यूआई 154 दर्शाया गया है। डॉक्टरों ने बुजुर्गों, बच्चों और अस्थमा रोगियों को बाहर कम निकलने की सलाह दी है।
समीर एप के आंकड़ों में बड़ा अंतर
उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के समीर एप पर एक्यूआई 154 रहा, जो स्मार्ट सिटी सेंसर से बिल्कुल अलग तस्वीर दिखाता है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि दोनों सिस्टम की संवेदनशीलता, तकनीक और मॉनिटरिंग पद्धति में फर्क होने के कारण यह अंतर दिखाई देता है। आमजन दोनों आंकड़ों को देखकर यह समझ नहीं पा रहे कि हवा कितनी खराब है और किस जानकारी पर भरोसा किया जाए।
यह हैं स्मार्ट सिटी के आंकड़े
भाटिया पेट्रोल पंप, फाउंड्री नगर — 489
शहीद नगर — 448
बाग फरजाना — 370
श्मसान घाट — 340
ईदगाह — 329
सदर भट्टी — 326
छीपीटोला — 324
धूलियागंज — 310
राजपुर चुंगी — 304
एसबीआई जोनल ऑफिस — 314
यूपीपीसीबी के प्रमुख स्टेशनों का एक्यूआई
रोहता — 154
संजय प्लेस — 145
आवास विकास कॉलोनी — 147
शाहजहां गार्डन — 176
शास्त्रीपुरम — 160