अमर उजाला की अपराजिता मुहिम के तहत पुलिस की पाठशाला का आयोजन बुधवार को मैनपुरी रोड स्थित गार्डेनिया इंटर कॉलेज में किया गया। एसपी ग्रामीण राजेश कुमार ने छात्राओं को महिलाओं को जागरूक करने के लिए शासन द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।
उन्होंने छात्राओं से कहा कि खतरा भांप कर तुरंत हमलावर पर वार करें। साथ ही महिला हेल्पलाइन अथवा डायल 112 पर फोन कर पुलिस की सुरक्षा प्राप्त करें।
पुलिस की पाठशाला में एसपी ग्रामीण ने छात्राओं को महिला हेल्पलाइन, डायल 112 और 1090 सहित अन्य महिला सुरक्षा संबंधी विकल्पों के बारे में विस्तार से बताया। छात्राओं से कहा कि वह अपने पास सुरक्षा के लिए अपने पास रखे पेन, हेयरपिन, प्रकाल आदि चीजों को रखें।
छात्रा पर कोई हमला करता है तो उनका प्रयोग कर अपनी रक्षा कर सकती हैं। इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक भानु प्रताप सिंह, विद्यालय प्रबंधक भूपेंद्र यादव, प्रधानाचार्य रमेश चंद्र यादव, डॉ. पीएस राना मौजूद रहे।
अपराजिता कार्यक्रम में मौजूद छात्राएं
- फोटो : अमर उजाला
छात्राओं ने किए सवाल, एसपी ने दिया उत्तर
अपर्णा यादव छात्रा ने एसपी से पूछा कि अगर किसी लड़की के पिता और अभिभावक न हों तो वह अपनी बात किसे बताए। इस पर एसपी ग्रामीण ने कहा ऐसी भी घटनाएं सामने आ रही हैं कि रक्षक ही भक्षक बन जाते हैं। ऐसी स्थित में अपने विश्वासपात्र महिला, रिश्तेदार को साथ लेकर पुलिस के पास आ सकतीं हैं।
छात्रा दिव्या ने पूछा अगर एकांत में हैं और कुछ लड़के अभद्रता करें तो क्या करें। इस पर उन्होंने कहा कि पहले कोशिश करें कि अकेले घर से न निकले। अगर फिर भी जाना पड़े तो खतरा भांप कर तेजी से चिल्लाएं और अपने पास उस वक्त जो भी वैकल्पिक हथियार जैसे पेन, हेयरपिन अथवा प्रकाल आदि हो, उसका इस्तेमाल करें।
छात्रा निधि ने कहा कि दहेज की मांग को लेकर महिलाओं का उत्पीड़न किया जाता है। इस पर उन्होंने कहा कि आप लोग पढ़ कर नौकरी प्राप्त करें और दहेज प्रथा का विरोध करें। जब आप लोग दहेज प्रथा के खिलाफ खड़े हो जाएं और दहेज की मांग करने वालों से शादी से इंकार करें।
छात्रा मुबस्सिरा के प्रश्न पर एसपी ग्रामीण ने कहा कि आपको डरने की जरूरत नहीं है। पुलिस आपकी सुरक्षा के लिए सदैव तैयार है। मेहनत से पढ़े और समाज में अपना आदर्श प्रस्तुत करें।