कासगंज। राष्ट्रीय कौशल विकास कारपोरेशन के माध्यम से इस्राइल में भवन निर्माण कार्यों के लिए कारीगर एवं श्रमिकों की आवश्यकता है। इसके लिए श्रम विभाग ने अनुभवी श्रमिकों से आवेदन मांगे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जिन श्रमिकों के पास पासपोर्ट नहीं है वे पासपोर्ट तत्काल तैयार करा सकते हैंं। श्रमिकों को एक लाख पच्चीस हजार रुपये का वेतन दिया जाएगा एवं 15 हजार रुपये प्रतिमाह बोनस फंड के रूप में दिए जाएंगे।इस्राइल और हमास के बीच युद्ध के कारण इजराइल में काफी भवन क्षतिग्रस्त हुए हैं। इनके निर्माण के लिए इस्राइल में कारीगरों और श्रमिकों की आवश्यकता है। भारत सरकार के राष्ट्रीय कौशल विकास कारपोरेशन के माध्यम से इन श्रमिकों को इस्राइल भेजा जाएगा। कारीगर और श्रमिकों को कम से कम 1 वर्ष एवं अधिकतम 5 वर्ष की सेवा देना अनिवार्य है। इस्राइलजाने वाले कारीगरों और श्रमिकों को बोनस फंड का भुगतान कार्य समाप्ति पर होगा। 21 से 45 आयुवर्ग के श्रमिकों और कारीगरों से आवेदन मांगे गए हैं। इच्छुक श्रमिक श्रम विभाग कार्यालय में श्रम प्रवर्तन अधिकारी चंद्रभान सिंह को आवेदन दे सकते हैं।