आगरा। बेसिक शिक्षा विभाग ने शिक्षा का अधिकार अधिनियम-2009 (आरटीई) के अंतर्गत सत्र 2026-27 के लिए बच्चों के निशुल्क प्रवेश की प्रक्रिया का कार्यक्रम जारी किया है। प्रथम चरण के लिए 2 से 16 फरवरी तक ऑनलाइन आवेदन होंगे।
आवेदन के बाद 18 फरवरी को लॉटरी के माध्यम से प्रथम चरण के प्रवेश प्रदान किए जाएंगे। बेसिक शिक्षा अधिकारी जितेंद्र कुमार गोंड ने बताया कि प्रथम चरण के चयनित बच्चों का प्रवेश 21 फरवरी से 7 मार्च तक कराया जाएगा। द्वितीय चरण में आवेदन 21 फरवरी से 7 मार्च तक स्वीकार किए जाएंगे और लॉटरी 9 मार्च को निकाली जाएगी। तृतीय चरण के तहत आवेदन 12 से 25 मार्च तक लिए जाएंगे, लॉटरी 27 मार्च को होगी। प्रवेश की अंतिम तिथि 29 मार्च तय की गई है। उन्होंने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया के दौरान अभिभावकों को आय, निवास, जन्म व जाति प्रमाणपत्र के साथ आधार कार्ड और पासपोर्ट साइज फोटो प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।