एसपी कार्यालय पर शिकायत करने पहुंचा पीड़ित।
मैनपुरी। सूचना के अधिकार अधिनियम (आरटीआई) के तहत नगर पालिका से देवी रोड स्थित जगदीश सेवा आश्रम की जमीन व उस पर बनी दुकानों की सूचना मांगने वाले को जान से मारने की धमकी मिली है। आरोप है कि उक्त संपत्ति पर वर्तमान में मैरिज होम संचालित करने वाले और उसके पुत्रों ने सोमवार रात गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। दहशत में आए पीड़ित ने मंगलवार को एसपी सिटी से शिकायती की। सुरक्षा की गुहार लगाई।
कोतवाली क्षेत्र के राजा का बाग गली नंबर 2 निवासी विजय प्रताप ने मंगलवार को एसपी सिटी राहुल मिठास को शिकायती पत्र दिया। इसमें कहा कि उन्होंने सूचना अधिकार के तहत नगर पालिका से देवी रोड स्थित जगदीश सेवा आश्रम की संपत्ति जिस पर वर्तमान में शिव शक्ति मैरिज होम संचालित है, उसके बारे में जानकारी मांगी थी। जानकारी मिलने के बाद उसे उजागर किया गया। इसी के विरोध में मैरिज होम संचालक और उनके तीनों पुत्रों ने जान से मारने की धमकी दी है। परिजन भयभीत हैं। आरोपी उनके व परिवार के साथ कभी भी कोई घटना कर सकते हैं। एसपी सिटी राहुल मिठास ने मामले की जांच व कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
मैरिज होम संचालक अशोक कुमार कुशवाह का कहना है कि मेरे और बेटों पर लगे आरोप झूठे हैं। पुलिस से झूठी शिकायत की है। एक पुराने जमीन के प्रकरण में शिकायतकर्ता रंजिश मानता है। इसके चलते परेशान किया जा रहा है।