बेवजह एंटीबायोटिक दवाओं के उपयोग से ये रेजिस्टेंट होकर मर्ज पर बेअसर साबित हो रही हैं। लिहाजा बीमारी को ठीक होने में लंबा वक्त लग रहा है। एसएन मेडिकल कॉलेज के एंटी माइक्रोबियल जागरूकता सप्ताह के तहत माइक्रोबायोलॉजी विभाग की ओर से आयोजित सेमिनार में डॉक्टरों ने इस पर चिंता जताई।
मुख्य वक्ता माइक्रोबायोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. अंकुर गोयल ने बताया कि सभी मर्जों में करीब 40-45 एंटीबायोटिक दवाएं उपयोग में लाई जा रही हैं। इनमें से 80-90 फीसदी दवाएं रेजिस्टेंट हो रही हैं। नई एंटीबायोटिक दवाएं नहीं बन पा रही हैं। इससे निमोनिया, यूरिन इन्फेक्शन जैसी बैक्टीरिया जनित और अन्य बीमारियाें का इलाज करना चुनौती बन रहा है।
माइक्रोबायोलॉजी विभाग के डॉ. विकास गुप्ता ने बताया कि वायरल इन्फेक्शन में बेवजह एंटीबायोटिक देने से ये बेअसर हो रही हैं। वक्ष एवं क्षय रोग विभागाध्यक्ष डॉ. गजेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि दवाओं का पूरा कोर्स न करने और इलाज बीच में छोड़ने से भी दवाएं रेजिस्टेंट हो रही हैं। इसके चलते ही टीबी-सांस रोग में रेजिस्टेंट टीबी के मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है।
प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने कहा कि एंटीबायोटिक दवाएं बेअसर होने का एक कारण यह भी है कि लोग जुकाम-खांसी समेत सामान्य परेशानी पर भी मेडिकल स्टोर से खुद इनको खरीदकर खा रहे हैं। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सुखेश गुप्ता, डॉ. गीतू सिंह, डॉ. अतिहर्ष मोहन अग्रवाल ने भी बीमारियों में एंटीबायोटिक दवाइयों के रेजिस्टेंट होने पर चिंता जताई।
चिकित्सकों ने ये दिए सुझाव
- बीमारी के कल्चर जांच के बाद ही एंटीबायोटिक दवा दी जाए।
- वायरल इन्फेक्शन में एंटीबायोटिक दवाओं का उपयोग न करें।
- बीमारी का इलाज बीच में न छोड़ें, खुद से दवाएं खरीदकर न खाएं।
- नई एंटीबायोटिक दवाएं विकसित करने के लिए शोध को बढ़ावा मिले।