मैनपुरी। ग्रामीण अंचल में स्थापित स्वास्थ्य केंद्रों पर करीब एक सप्ताह से एंटी रैबीज वैक्सीन उपलब्ध नहीं है। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सीएचसी और पीएचसी पर पहुंचने वाले लोगों को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी संतोषजनक जवाब भी नहीं दे रहे हैं कि आखिर कब तक वैक्सीन उपलब्ध हो सकेगी।
जिले में एक बार फिर से एंटी रैबीज वैक्सीन की दिक्कत खड़ी हो गई है। लोगों को बाहर से खरीदकर वैक्सीन लगवानी पड़ रही है। सरकारी अस्पतालों में वैक्सीन उपलब्ध न होने से लोग परेशान हैं। सीएचसी और पीएचसी पर वैक्सीन लगवाने के लिए पहुंच रहे लोगों को जिला अस्पताल के लिए रेफर किया जा रहा है। वहीं, जिला अस्पताल में वैक्सीन लगवाने वालों की भीड़ पहुंचना शुरू हो गई है। क्षेत्रीय चिकित्साधिकारियों का कहना है कि मांग पत्र भेजा गया है। जैसे ही वैक्सीन उपलब्ध होगी, लोगों को उसका लाभ दिया जाएगा।
केस नंबर- एक
गांव चौहानपुर निवासी तीन वर्षीय राधा को तीन दिन पहले कुत्ते ने काट लिया। परिजन उसे लेकर शनिवार को सीएचसी भांवत पहुंचे। यहां डॉक्टर ने बताया कि उनके यहां एंटी रैबीज वैक्सीन नहीं है। प्रस्ताव भेजा गया है। उम्मीद है कि 20 फरवरी तक एंटी रैबीज वैक्सीन प्राप्त हो जाए।
केस नंबर-दो
नगला आशा निवासी ऋषि कुमार को शुक्रवार को कुत्ते ने काट लिया था। शनिवार को वे घिरोर स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे यहां डॉक्टरों ने बताया कि एंटी रैबीज वैक्सीन उपलब्ध नहीं है। वे बिना एंटी रैबीज का डोज लिए ही घर लौट गए।
केस नंबर- तीन
गांव महादेवा निवासी पप्पू को तीन दिन पहले कुत्ते ने काटा था। शनिवार को वे सीएचसी कुरावली पर एंटी रैबीज के लिए गए। यहां मौजूद डॉक्टर ने बताया कि उनके यहां एंटी रैबीज उपलब्ध नहीं है। वे मैनपुरी जाकर एंटी रैबीज वैक्सीन ले लें।
सीएचसी पर एंटी रैबीज वैक्सीन दो दिन से नहीं है। मांग पत्र भेजा गया है उम्मीद है कि 20 फरवरी तक वैक्सीन उपलब्ध हो जाएगी। इसके बाद लोगों को उसका लाभ दिया जाएगा। तब तक यहां आने वाले कुत्ता काटे के लोगों को जिला अस्पताल भेजा जा रहा है।
डॉ. अर्जुन सिंह चिकित्साधीक्षक सीएचसी भांवत।
अधिकतर सीएचसी पर एंटी रैबीज वैक्सीन उपलब्ध है। यदि कहीं नहीं है तो वहां शीघ्र उपलब्ध कराई जाएगी।
- डॉ. पीपी सिंह सीएमओ