अंशुरानी को गरीबों की रानी बताकर सीएम ने दी हरी झंडी
- फोटो : अमर उजाला
समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों की बुधवार को घोषणा नहीं हुई है लेकिन बाह विधानसभा सीट से एक नाम तेजी से उभर कर आया है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बाह के बामनपुरा गांव की निवासी अंशुरानी को बाह से लड़ाने का एलान कर दिया है।
समाजवादी पार्टी नेता अनिल रावत ने बताया कि अंशुरानी जिला पंचायत सदस्य रामसेवक वर्मा की पत्नी हैं। भाजपा की रैली से लौटते वक्त चार माह पूर्व रामसेवक की हादसे में मौत हो गई थी। रामसेवक भाजपा से बाह सीट के लिए टिकट भी मांग रहे थे। अब भाजपा ने सपा छोड़कर गईं पक्षालिका सिंह को टिकट दिया है तो समाजवादी पार्टी ने अंशुरानी को प्रत्याशी बनाया है। अनिल रावत ने बताया कि बुधवार को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अंशूरानी को ‘गरीबों की रानी’ नाम देते हुए पक्षालिका सिंह के खिलाफ लड़ाने को कहा है। मुख्यमंत्री ने जुमला दिया है कि ‘रानी के खिलाफ लड़ेगी गरीबों की रानी।’ मुख्यमंत्री ने यहां तक कहा है कि वह स्वयं चुनाव प्रचार में आएंगे और सांसद डिंपल यादव भी चुनाव प्रचार करेंगी। उम्मीद थी कि समाजवादी पार्टी बुधवार को प्रत्याशियों का एलान कर देगी लेकिन देर रात तक कोई फैसला नहीं हुआ। रालोद से गठबंधन नहीं हो पाया। प्रत्याशियों की घोषणा गुरुवार दोपहर तक हो सकती है।