कासगंज सोरों के गांधी पार्क पर अनशन पर बैठे आंदोलनकारियों का स्वास्थ्य परीक्षण करते चिकित्सक
- फोटो : KASGANJ
सोरों (कासगंज)। तीर्थस्थल घोषित करने की मांग को लेकर अखंड आर्यावर्त निर्माण संघ के बैनर तले चल रहा बेमियादी अनशन दूसरे दिन भी जारी रहा। यहां आंदोलनकारियों के चेहरों पर भले ही कमजोरी नजर आई लेकिन हौसले बुलंद दिखे। धरना स्थल पर आंदोलनकारियों का साथ देने के लिए जनसमुदाय पहुंचा। उन्होंने कहा कि सोरों को तीर्थस्थल का दर्जा देने से कम कुछ भी मंजूर नहीं है।
गांधी पार्क में अनशन पर बैठे अनशनकारियों का हौसला बुलंद करने के लिए रविवार को बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। सुबह से ही अनशन स्थल पर लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। वहां लोगों ने अनशन पर बैठे अखंड आर्यवर्त निर्माण संघ के अध्यक्ष भूपेश शर्मा, राकेश पांडे, अनीता उपाध्याय का हौसला बढ़ाया कहा कि अनशनकारियों के साथ पूरे तीर्थवासी कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं।
वहीं बीते 30 घंटे से अन्न जल त्याग देने के कारण अंादोलनकारियों में कमजोरी छाने लगी है, लेकिन उनका हौंसला कम नहीं हो रहा। उन्होंने हुंकार भरी है कि चाहें मर ही क्यूं न जाएं, लेकिन सोरों को तीर्थस्थल घोषित कराने की मांग से पीछे नहीं हटेंगे।
चिकित्सकों की टीम ने किया परीक्षण
अनशन पर बैठे आंदोलनकारियों का स्वास्थ्य परीक्षण करने दूसरे दिन भी चिकित्सकों की टीम पहुंची। डॉ. अमित शर्मा के नेतृत्व में पहुंची टीम ने परीक्षण किया। पाया कि आंदोलनकारी भूपेश शर्मा का रक्तचाप बढ़ा हुआ था, लेकिन शनिवार की अपेक्षा रविवार को वजन तीन किलो कम था। जबकि अन्य दोनों आंदोलनकारियों का रक्तचाप सामान्य था। वजन उनका भी दो-दो किलो कम था।
प्रभारी मंत्री को सौंपा ज्ञापन
सोरों। भाजपा जिला उपाध्यक्ष रामगोविंद महेरे ने रविवार को प्रभारी मंत्री अनिल शर्मा से बुलंदशहर जाकर मुलाकात की। उन्होंने सोरों में चल रहे तीर्थस्थल घोषित करने की मांग को लेकर आंदोलन की जानकारी दी। उन्होंने प्रभारी मंत्री को ज्ञापन सौंपा। सोरों को तीर्थस्थल घोषित कर विकास के पैकेज की मांग की। प्रभारी मंत्री ने भरोसा दिया कि वे शीघ्र ही मुख्यमंत्री से मिलकर इस संबंध में चर्चा करेंगे। प्रभारी मंत्री ने बताया कि सोरों में इंटरलॉकिंग सड़क के लिए 10 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई है। यह धनराशि इसी माह अवमुक्त हो जाएगी।