फिरोजाबाद में जसराना और नारखी ब्लॉक के बाद बुधवार को टूंडला ब्लाक प्रमुख बीना यादव के खिलाफ 75 बीडीसी सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव लाने को शपथपत्र डीएम नेहा शर्मा के समक्ष प्रस्तुत किए। कैबिनेट मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल के भतीजे हनुमंत सिंह बघेल गुड्डू के नेतृत्व में बीडीसी सदस्य शपथ पत्र देने डीएम कार्यालय पहुंचे। डीएम ने सदस्यों के उपस्थित होने की पड़ताल मौके पर की।
टूंडला ब्लाक प्रमुख बीना यादव के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश करने के लिए बीडीसी दोपहर करीब 12 बजे जिला मुख्यालय पहुंचे। इन्हें कलक्ट्रेट के मीटिंग हॉल में बैठाया गया था। हनुमंत सिंह बघेल गुड्डू, टूंडला पालिका चेयरमैन के पति भंवर सिंह ठेकेदार और नारखी ब्लाक के ब्लाक प्रमुख पद के दावेदार महावीर बघेल के साथ 75 बीडीसी सदस्यों के शपथ पत्र को डीएम नेहा शर्मा के समक्ष प्रस्तुत किया।
डीएम नेहा शर्मा, एडीएम उदय सिंह के साथ सदस्यों की उपस्थित को चेक कराया। डीएम ने खुद ही सदस्यों के उपस्थित होने की तस्दीक की। डीएम ने प्रस्ताव को लेने के साथ ही कहा कि वह जांच पड़ताल के बाद ही आवश्यक कार्रवाई करेंगी। बीडीसी सदस्यों के ओर से दिए शपथपत्र में ब्लाक प्रमुख बीना कुमारी यादव पर यह आरोप लगाया है कि ब्लाक में मनमाने ढंग से अनियमित कार्य करा रहीं हैं।
ब्लाक की बैठक को समय से नहीं बुलातीं हैं। साथ ही उन पर विकास कार्य नहीं कराने के भी आरोप लगाए गए। टूंडला ब्लाक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले सदस्यों को कलक्ट्रेट भवन के पीछे के गेट से सदस्यों को मीटिंग कक्ष तक पहुंचाया। वहीं से सदस्यों को गाड़ियों के माध्यम से सीधे टूंडला ले गए। इस दौरान मुख्य रूप से भाजपा महानगर अध्यक्ष कन्हैया लाल गुप्ता, राजेंद्र बौहरे, रमेश चंद्र, विनोद कुमार, रहीश अहमद, मिथिलेश, प्रदीप सिंह आदि रहे।