परिषदीय स्कूलों में वार्षिक परीक्षाएं खत्म, परिणाम का इंतजार
आज से रफ्तार पकड़ेगा मूल्यांकन, खंड शिक्षाधिकारी के साथ-साथ संकुल प्रभारी रखेंगे नजर
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। बेसिक शिक्षा परिषद की वार्षिक परीक्षा समाप्त होते ही मूल्यांकन कार्य पर जोर दिया जाने लगा। शनिवार से ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर मूल्यांकन कार्य की शुरुआत कर दी गई थी। आज से सभी ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर मूल्यांकन कार्य रफ्तार पकड़ जाएगा। खंड शिक्षा अधिकारी समेत संकुल प्रभारियों द्वारा मूल्यांकन कार्य पर नजर रखी जाएगी।
बेसिक शिक्षा परिषद की वार्षिक परीक्षा संपन्न होने के बाद जिले के 1.82 लाख बच्चों को परीक्षा परिणाम आने का इंतजार है। हालांकि कोई भी छात्र फेल नहीं किया जाएगा। कक्षा छह से आठवीं तक की कॉपियों का मूल्यांकन सभी ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर होगा। जबकि प्राइमरी स्तर की उत्तर पुस्तिकाएं केंद्रों पर जांची जाएंगी। बीएसए ने बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव की ओर से जारी गाइडलाइन का पालन कर कॉपियों का दो दिन में मूल्यांकन करने के निर्देश दिए। जिससे कक्षा आठ के परिणाम को घोषित किया जा सके। बीएसए आशीष पांडेय ने बताया कि कॉपियों के मूल्यांकन में गंभीरता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट कार्ड जल्द ही शिक्षकों को उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
रिपोर्ट कार्ड नहीं मिले, कहीं देरी न हों। 31 मार्च को रिपोर्ट कार्ड का वितरण करना है। एक अप्रैल से नया शैक्षणिक सत्र शुरु हो जाएगा। अभी तक शिक्षकों को रिपोर्ट कार्ड मिले ही नहीं है। इन रिपोर्ट कार्ड को कब दिया जाएगा, यह रिपोर्ट कार्ड कब तैयार कर पाएंगे। कई सवाल शिक्षकों के मन में है। जबकि आगामी दिनों में दो अवकाश है। समय से बच्चों को रिपोर्ट कार्ड मिलना मुश्किल लग रहा है।