करहल। इटावा से सिरसागंज मार्ग पर मंगलवार की शाम पशु बेच कर आ रहे दो पशुपालकों से पुलिसकर्मी बने बदमाशों ने 65 हजार रुपये की नकदी लूट ली। वारदात की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। पुलिस का कहना है कि बदमाशों की तलाश की जा रही है।
जनपद इटावा की जसवंत नगर थाना क्षेत्र के रहने वाला नीरज अपने साथी पशुपालक के साथ मंगलवार को सिरसागंज बाजार में पशु बेचने गया था। शाम को दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। तभी इटावा से सिरसागंज मार्ग पर नोरमई के पास अपाचे सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए तलाशी लेने लगे। कहा कि वे दोनों लोग संदिग्ध लग रहे हैं। इसलिए पुलिस उन्हें थाने ले जाएगी और पूछताछ करेगी। तलाशी के दौरान पशुपालकों की जेब में मिली 65 हजार की नकदी लेकर बाइक सवार बदमाश वहां से भाग गया। इंस्पेक्टर कुशल पाल सिंह का कहना है कि मामले में तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है।