कासगंज। एक पशु व्यापारी से मंगलवार की रात्रि में 7.50 लाख रुपये की झूठी लूट की घटना का पुलिस ने बुधवार की शाम को खुलासा कर दिया। पशु व्यापारी ने अपने साथ लूट की झूठी कहानी पुलिस को सुनाई थी। मामले में पुलिस ने सारे पैसे बरामद करते पशु व्यापारी सहित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।सीओ सदर अजीत सिंह चौहान ने बताया कि मंगलवार की रात्रि में 1.53 बजे डायल 112 पर इकरार निवासी मोहल्ला कस्यावान कस्बा बिलराम थाना ढोलना ने सूचना दी थी कि चुंगी के निकट बाइक सवार 3 बदमाश उसके 7.50 लाख रुपये छीन कर भाग गए हैं। वह औरेया से बकरे बेचकर आ रहा था। सूचना मिलने पर सीओ सदर अजीत सिंह चौहान के नेतृत्व में लूट की घटना का खुलासा करने के लिए टीम का गठन किया गया। जांच में पता लगा कि इकरार व उसका भाई राजा पर पहले से काफी कर्ज है। वह उधार के पैसों से बकरे खरीदने-बेचने का काम करता है। बकरे बेचने के बाद राजा व प्रेमचंद निवासी मोहल्ला पीरजादा कस्बा बिलराम थाना ढोलना दूसरी गाड़ी से पैसे लेकर वापस आ गए थे। जबकि इकरार रात्रि में पिकअप गाड़ी से घर आया और पैसे अपने मित्र प्रेमचंद के घर छिपाकर रख दिए। इसके बाद झूठी लूट की सूचना पुलिस को दे दी। ताकि उधारी के पैसे चुकता न करने पड़े। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इकरार, राजा एवं प्रेमचंद की निशानदेही पर 7.50 लाख रुपये बरामद कर लिए और तीनों को गिरफ्तार कर लिया। खुलासा करने वाली टीम में थाना प्रभारी अजयवीर सिंह सहित अन्य शामिल रहे।