मैनपुरी जिले में बिजली चेकिंग के दौरान एक महिला को थप्पड़ मारने व अभद्रता करने से आक्रोशित ग्रामीणों ने सोमवार को मैनपुरी-भोगांव मार्ग जाम कर दिया। जाम और हंगामे की सूचना पर कोतवाली पुलिस, महिला थाना व पीएसी के जवान पहुंच गए। कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर ग्रामीणों ने करीब एक घंटे बाद जाम खोला। इस दौरान दोनों ओर से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
कोतवाली क्षेत्र के गांव ललूपुर में सोमवार को बिजली की चेकिंग चल रही थी। इस दौरान टीम के साथ पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। आरोप है कि टीम में शामिल पुलिसकर्मी ममता देवी के घर में घुस गए। जब बिना वजह घर में घुसने की वजह पूछी गई तो अभद्रता करने लगे।
ममता देवी ने आरोप लगाया कि टीम में शामिल एक पुलिसकर्मी ने उन्हें थप्पड़ मार दिया। महिला के साथ अभद्रता पर ग्रामीण भड़क गए। मामला बढ़ता देख बिजली विभाग की टीम व पुलिसकर्मी वहां से निकल गए। वहीं ग्रामीणों ने मैनपुरी-भोगांव मार्ग पर अवरोध डालकर जाम लगा दिया।
पुलिस से हुई नोकझोंक
गुस्साईं महिलाओं को समझाती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
कुछ ही देर में मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने के बाद इंस्पेक्टर कोतवाली जसवीर सिंह सिरोही पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। महिला थाना व पीएसी को भी बुला लिया गया।
मैनपुरी-भोगांव मार्ग पर लगे जाम को खुलवाने के दौरान जब पुलिस लोगों को हटाकर वाहनों को निकलवाने के प्रयास कर रही थी, तभी अचानक महिलाएं उग्र हो गईं, पुलिसकर्मियों से नोकझोंक भी हुई। विरोध के चलते एक बार पुलिस को भी पीछे हटना पड़ा।
काफी देर समझाने के बाद भी ग्रामीण जाम खोलने को तैयार नहीं थे। पुलिस ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया, उसके बाद आक्रोशित लोगों ने जाम खोला। जाम खुलने के बाद मार्ग का आवागमन सुचारू हो सका।
यह है हंगामे की असली वजह
गांव ललूपुर में हुए विवाद के पीछे असली वजह कुछ और बताई जा रही है। बताया जा रहा है दो दिन पूर्व जब बिजली विभाग की टीम चेकिंग करने गई थी। कनेक्शन न होने के बाद भी बिल आने पर ग्रामीणों ने आक्रोश व्यक्त किया था। इस दौरान टीम के साथ अभद्रता की गई थी, इस मामले में गांव के रंजीत व सुरेंद्र के विरुद्ध थाने में शिकायत दी गई थी।
सोमवार को कुछ पुलिसकर्मी नामजद लोगों को पकड़ने गए थे, इस दौरान विवाद हुआ और पुलिस दोनों को पकड़कर थाने ले गई। इस बात से आक्रोशित होकर ग्रामीणों ने जाम लगाया। जाम के दौरान ग्रामीण दोनों को छोड़े जाने की मांग कर रहे थे।
मैनपुरी-भोगांव मार्ग पर ग्रामीणों द्वारा लगाया गया जाम तो एक घंटे बाद ही खुल गया, लेकिन यातायात सामान्य होने में दो घंटे का समय लग गया। बताते चलें कि भोगांव-मैनपुरी मार्ग जीटी रोड से एनएच 2 को जोड़ता है। इसके चलते इस पर वाहनों का दबाव अधिक रहता है।
अपर पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि मैनपुरी-भोगांव मार्ग पर जाम की सूचना मिलने पर पुलिस बल को भेजा गया था, जाम खुलवा दिया गया है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।