कुसमरा। नगर के विद्युत सबस्टेशन के कूंड़ी फीडर से जुड़े लगभग 12 गांवों की बिजली आपूर्ति लड़खड़ाने से गुस्साए किसानों ने सोमवार को बिजली घर पर हंगामा किया। अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीण दोपहर 12:30 बजे करीब बिजलीघर पहुंचे। अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। अवर अभियंता ने समझाने की कोशिश की। ग्रामीणों ने कहा कि कूंड़ी फीडर पर धरमंगदपुर, नुनारी, नगला तारा, नगला उम्मेद, गाजियांपुर, सकरा, पंचमपुर, नरायणपुर, सकरामपुर, ईशापुर, कमलनेर, डिलाह, मधुकरपुर, हीरापुर, आनंदपुर, नगला पाण्डेय, अहिमलपुर सहित अन्य गांव जुड़े हैं। बदलते मौसम में बढ़ रहे तापमान में फसल सिंचाई के लिए कूंड़ी फीडर से जुड़े गांवों में बिजली नहीं मिल रहीं है। इस कारण क्षेत्र के दर्जनों गांव में सरसों, चना, मटर और गेहूं की फसल सूखने की कगार पर पहुंच चुकी है। ग्रामीण क्षेत्रों में समय से बिजली उपलब्ध कराई जाए। किसानों को फसल सिंचाई के लिए परेशानियों का सामना न करना पड़े। किसानों ने बताया कि कुल डेढ़ से दो घंटे ही बिजली मिलने से फसलों की सिंचाई नहीं हो पा रही है। अवर अभियंता ज्ञानेंद्र पुष्कर ने बताया कि फीडर पर ओवरलोड के कारण ट्रिपिंग की समस्या आ रही है, जल्द ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।