कासगंज। सदर विधान सभा क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में विधायक निधि से बनाए यात्री प्रतीक्षालय शेड आरोपियों ने क्षतिग्रस्त कर दिए। मामले में सदर विधायक देवेंद्र राजपूत ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। सदर विधायक देवेंद्र राजपूत ने विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायतों ग्राम नौकस, नगला थान, भगवंतपुर पुल व नौरथा में अपनी विधायक निधि से ग्रामीणों व राहगीरों की सुविधा के लिए यात्री प्रतीक्षालय बनवाए थे। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह, उनके बेटे पूर्व सांसद राजवीर सिंह व सदर विधायक के चित्र भी बनवाए गए। इनको क्षतिग्रस्त कर दिया गया। सदर विधायक ने बताया कि एक सप्ताह पहले शेड तोड़ दिए गए हैं। फोटो भी क्षतिग्रस्त कर दिए गए हैं। लोगों ने शेड तोड़ने की जानकारी देते हुए फोटो भी उपलब्ध कराए। विधायक की तहरीर पर आरोपी नगला थान निवासी सिंटू व उसके साथियों के खिलाफ द्वेष की भावना से शेड तोड़ने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कोतवाली प्रभारी लोकेश भाटी ने बताया कि सदर विधायक की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है।