- भट्ठी तोड़ी, करहल थाने में दी गई तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। थाना करहल क्षेत्र के मोहल्ला बाग वृंदावन निवासी एक आलू विक्रेता को घर जाते समय अराजक तत्वों ने घेरकर पीटा। उसकी भट्ठी को तोड़ दिया और जेब से 1700 रुपये की नकदी लूट ले गए। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कस्बा करहल के मोहल्ला बाग वृंदावन निवासी माेनू कश्यप भुने हुए आलू की ठेल लगाता है। इसी से वह अपने परिवार का भरण पोषण करता है। उसने बताया कि दो दिन पहले वह ठेल पर आलू बिक्री कर रहा था। तभी शराब के नशे में धुत कुछ अराजक तत्व वहां आए और आलू मांगने लगे। उसने कहा कि ग्राहक को देने के बाद आपको भी दे रहा हूं। इसी बात पर आरोपी आग बबूला हो गए और गाली गलौज करते हुए वहां से चले गए। कुछ देर बाद जब वह ठेल लेकर घर जा रहा था। तभी आरोपी ने अपने घर के सामने रोक लिया और भाइयों के साथ मिल कर उन्हें पीटने लगा। उसकी भट्ठी को भी तोड़ दिया। जेब में बिक्री के लिए रखे 1700 रुपये की नकदी लूट कर ले गया।
प्रभारी निरीक्षक ललित भाटी ने बताया कि उन्हें इस संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। जानकारी की जाएगी, यदि ऐसा कुछ हुआ है तो जांच कर कार्रवाई करेंगे।