आगरा। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर हुई स्टेशन उपाधीक्षक (डीएसएस) के साथ मारपीट की घटना से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। इसके साथ ही रेलवे की कर्मचारी यूनियनों के सदस्यों का स्टेशन पर जमावड़ा शुरू हो गया। शुरू में कार्रवाई निलंबन तक ही अटकी रही। हालांकि शाम को पीड़ित डीएसएस परिवार और साथी रेल कर्मियों के साथ डीआरएम कार्यालय और फिर उनके आवास का घेराव कर दिया। वहीं, प्रकरण की सूचना पर सांसद राजकुमार चाहर पहुंचे और उन्होंने भी अफसरों से मामले में सख्त कार्रवाई की बात कही तो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हो सकी।
दरअसल, मारपीट की घटना के बाद से ही मामले में रेलवे की भूमिका सवालों में रही। शुरुआती दौर में एक विभागीय कमेटी बनाकर जांच कराई गई और मारपीट के वायरल वीडियो के आधार पर आनन-फानन आरपीएफ इंस्पेक्टर समेत पांच कर्मियों के निलंबन की बात कही जाने लगी। दोपहर बाद जांच के लिए कमेटी बदल दी गई और उसने इंस्पेक्टर का नाम हटाकर दो एएसआई समेत चार आरपीएफ कर्मियों को निलंबित कर दिया।
हालांकि, इस कार्रवाई से न तो रेलवेकर्मी संतुष्ट हुए, न ही पीड़ित डीएसएस ही माने। वह आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज कराने पर अड़े रहे। शाम तक जब उनकी नहीं सुनी गई तो वह पत्नी व परिवार के अन्य सदस्यों और साथी रेल कर्मियों के साथ डीआरएम से मिलने दफ्तर पहुंचे। वहां नहीं मिले तो उनके आवास पर जा धमके। इस बीच सांसद राजकुमार चाहर भी वहां पहुंच गए। पीड़ित की मांग, कर्मचारियों के दबाव और सांसद के निर्देश के बाद आखिर में देर शाम प्राथमिकी दर्ज हुई।
-
कमेटी करेगी आगे की जांच
आगरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि कमेटी में वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (ऑपरेशन) तथा वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (आरपीएफ) को शामिल किया गया है। समिति को जल्द जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। इससे पहले की कमेटी में स्टेशन निदेशक संतोष कुमार त्रिपाठी शामिल थे। हालांकि, बाद में उन्हें हटाकर वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक को शामिल किया गया।
-
चला बैठकों का दौर
निलंबन से पहले डीआरएम ने एडीआरएम, एसीएम, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम), वरिष्ठ मंडल परिचालन, आरपीएफ के डिप्टी कमांडेंट, आरपीएफ के कमांडेंट के साथ बैठके कीं। सांसद राजकुमार चाहर के साथ भी अलग से बैठक हुई। इस दौरान नरेंद्र सिंह चाहर ने कहा कि ड्यूटी के दौरान उनके साथ गंभीर अभद्रता और मारपीट की गई।