पिनाहट। थाना बसई अरेला क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बीधापुरा के पास रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 70 वर्षीय वृद्धा की मौत हो गई। अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली के पहिए के नीचे आने से बुजुर्ग महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस हृदय विदारक घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।
जानकारी के अनुसार, बसई अरेला निवासी बुंदावन पुत्र हरिचंद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी माता सावित्री देवी (70 वर्ष) रविवार सुबह सड़क किनारे शौच के लिए गई थीं। इसी दौरान ग्राम बीधापुरा निवासी बेदीराम द्वारा चलाए जा रहे ट्रैक्टर की ट्रॉली का पहिया अचानक उनके ऊपर चढ़ गया। हादसा इतना भीषण था कि सावित्री देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि परिजन की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। ट्रैक्टर चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने सड़क किनारे तेज रफ्तार से चलने वाले वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग की है।
इंसेट
हाईवे पर वाहन ने राैंदी बाइक, दंपती के साथ मासूम बेटा घायल
सैंया। आगरा-ग्वालियर हाईवे स्थित कटी पुल के पास दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार एक वाहन ने बाइक सवार एक ही परिवार के तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में पति-पत्नी और उनका 7 वर्षीय मासूम पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। आगरा के रामबाग निवासी रिंकू अपनी पत्नी रितु और 7 वर्षीय पुत्र तनिक के साथ बाइक से ब्रथला कुंड जा रहे थे। वे बच्चे को वहां स्नान कराने के लिए निकले थे। सैंया क्षेत्र के कटी पुल के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें चपेट में ले लिया। तीनों सड़क पर गिरकर काफी दूर तक घिसटते चले गए। 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सीएचसी सैंया ले जाया गया, डॉक्टरों ने एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। संवाद