कुएं में गिर कर मरी 4 साल की मासूम: बाह सीएचसी पर एडीएम और डीसीपी से मृतका के पिता की तकरार
बाह। बिना बताए अस्पताल से शव को एंबुलेंस से ले जाने पर पुलिस प्रशासन एवं परिजनों के बीच टकराव की स्थिति पैदा हो गई। गम और गुस्से में डूबे परिजन बार-बार यही आरोप लगा रहे थे कि समय पर बिट्टू को रेस्क्यू कर लिया जाता तो उसकी जान बच सकती थी। मृतका के पिता सौरभ तिवारी ने आरोप ये भी लगाया कि अपनी नाकामी छिपाने के लिए बिना बताए अस्पताल से बेटी के शव को ले जाने का प्रयास किया। घेराव के बाद एंबुलेंस को रोकना पड़ा। परिजनों को समझाने का प्रयास कर रहे बाह के एसडीएम विनोद कुमार को हाथ पकड़ कर खींचे जाने का प्रयास किया। सोशल मीडिया पर टकराव के दौरान हाथ खींचने का वीडियो वायरल हुआ है। करीब 45 मिनट चले टकराव में एडीएम वित्त एवं राजस्व संदीप वर्मा, डीसीपी अभिषेक अग्रवाल, एसडीएम विनोद कुमार, एसीपी हरेकृष्ण शर्मा परिजनों को समझाने में जुटे रहे। कार्रवाई के लिए तहरीर मांगते रहे। आखिर में तहरीर पर कार्रवाई की बात पर परिजन माने। लापरवाही ये भी कि घरों के पास कुआं बंद नहीं था- गोपालपुरा में घरों के पास ही पुराना कुआं था। बंद करने के नाम पर कुएं को प्लाई बोर्ड से ढक दिया था। सबमर्सिबल की बोरिंग भी कुएं में की गई थी। अगर कुआं को मजबूती से बंद किया गया होता तो हादसे को टाला जा सकता था? कुएं के पास बच्चियों की खेलने की जानकारी तक किसी को नहीं थी। वरना उनको रोका जा सकता था।