आगरा। ऑल सेंट्स स्कूल, शमसाबाद रोड कहरई में शनिवार को वार्षिक खेल दिवस आयोजित हुआ। शुभारंभ मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय एथलीट चौधरी मोहन सिंह और महासचिव उत्तर प्रदेश टग ऑफ वार एसोसिएशन के एनके चक्रवर्ती ने किया।
विद्यालय के चारों सदनों के छात्रों ने मार्च पास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी। हेड बॉय और गर्ल ने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना बनाए रखने की शपथ दिलाई। प्रतियोगिताओं में दौड़, गोला फेंक (शॉट पुट), और रिले रेस शामिल थीं। जूनियर वर्ग में जिक जैक रेस और फ्रॉग जंप आकर्षण का केंद्र रहे। रंगारंग ड्रिल प्रदर्शन, जिमनास्टिक भी मोहक रही। वर्ष 2025-26 के लिए ''चैंपियंस ट्रॉफी'' ''अमृत सदन'' को प्रदान की गई।
विद्यालय के चेयरमैन एवं जिला रस्साकशी संघ के प्रेसिडेंट त्रिलोक सिंह राणा ने कहा कि छात्रों में ऊर्जा, अनुशासन और उत्साह देखना अत्यंत गर्व का क्षण है। वाइस चेयरमैन युवराज राणा ने कहा कि असली चैंपियन वह है जो स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना रखता है। प्रधानाचार्य योगेश उपाध्याय ने कहा कि खेल केवल पदक जीतना नहीं है, यह जीवन के लिए एक शक्तिशाली रूपक है। उप प्रधानाचार्य आनंद सिंह ने आभार जताया। मौके पर दीपक मिस्त्री, चंद्रशेखर, यास्मीन अंजुम, संदीप बघेल, उमेश साहू, आर्यन चौरसिया, प्रशांत बघेल और ललित सिंह आदि रहे।