दुनिया के मशहूर अमेरिकी यूट्यूबर जिमी डोनाल्डसन उर्फ बीस्ट बृहस्पतिवार को अपनी मंगेतर थिया बॉयसेन और टीम के सदस्यों के साथ ताजमहल का दीदार करने पहुंचे। मिस्टर बीस्ट के ताज परिसर में पहुंचते ही पर्यटकों में उनके साथ फोटो खिंचवाने की होड़ मच गई।
भ्रमण के दौरान युवान गौरव नाम के एक छोटे प्रशंसक ने मिस्टर बीस्ट को उनके हाथ से बने स्केच की एक खास बुक भेंट की। अपने स्केच को देखकर यूट्यूबर बेहद खुश नजर आए और उन्होंने बच्चे को गले लगाकर शुक्रिया अदा किया। मिस्टर बीस्ट ने परिसर में मौजूद किसी भी फैन को निराश नहीं किया और सभी के साथ मुस्कुराते हुए तस्वीरें खिंचवाईं। उनका यह सादगी भरा अंदाज पर्यटकों के बीच दिनभर चर्चा का विषय बना रहा।