अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (फाइल फोटो)
- फोटो : Facebook
खेरिया एयरपोर्ट पर चरकुला नृत्य... अजीत नगर में मयूर नृत्य..... माल रोड पर बरसाने की लठामार होली.... फूल सैयद पर फूलों की होली... जी हां। कुछ ऐसा ही नजारा होगा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खेरिया एयरपोर्ट से ताजमहल जाने के दौरान।
चौराहों ही नहीं, सड़क के दोनों ओर प्लेटफार्म पर भी 3000 कलाकार ब्रज की संस्कृति से ट्रंप को रूबरू कराएंगे। हालांकि कथक, भारत नाट्मय, भंगड़ा सहित और भी नृत्य होंगे लेकिन उत्सव की तरह किए जा रहे इस आयोजन में सबसे ज्यादा ब्रज के रंग ही बिखरेंगे।
पहले 2000 कलाकार बुलाए जा रहे थे। इन्हें बढ़ाकर अब तीन हजार कर दिया गया है। पूरा रूट रंग बिरंगा रहेगा। एक दिन पहले ही कलाकार अभ्यास शुरू कर देंगे। ट्रंप 24 को दोपहर बाद साढ़े चार बजे आएंगे जबकि कलाकार सुबह ही अपने अपने स्थान पर पहुंच जाएंगे। ट्रंप को हर कदम पर भारतीय संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। कलाकार देश भर से बुलाए जा रहे हैं।
कलाकारों का भी सत्यापन करेगी पुलिस
सुरक्षा के लिहाज से प्रत्येक कलाकार का सत्यापन किया जाएगा। उसे पुलिस की ओर से आईकार्ड जारी किया जाएगा। एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि वेरीफिकेशन डेस्क बना दी गई है। इसी पर सत्यापन का काम होगा।