मैनपुरी। जीवन दायिनी स्वास्थ्य विभाग 108 और 102 एंबुलेंस पायलट और ईएमटी (इमजरेंसी मेडिकल टेक्नीशियन) ने अपनी मांगों को लेकर सीएमओ और सीडीओ को मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांगें न माने जाने पर 23 जुलाई को चक्का जाम करने की चेतावनी दी गई है। पायलट और ईएमटी की मांग है कि नई कंपनी के साथ एंबुलेंस पायलट और ईएमटी का समायोजन किया जाए।
जीवन दायिनी एंबुलेंस सेवा एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मुख्य विकास अधिकारी ईशा प्रिया और सीएमओ डॉ. एके पांडेय को ज्ञापन देते हुए कहा कि सरकार ने एएलएस (एडवांस लाइफ सपोर्टर) एंबुलेंस सेवा की जिम्मेदारी संस्था जीवीके के स्थान पर अब जिगित्सा हेल्थ लिमिटेड को दी है। नई कंपनी ने एएलएस एंबुलेंस के पायलट और ईएमटी को हटा दिया है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि एएलएस के सभी पायलट और ईएमटी को नई कंपनी के साथ समायोजित किया जाए। चेतावनी दी गई कि यदि उनकी मांगों पर 22 जुलाई तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो वे लोग 23 जुलाई को पूरे प्रदेश में चक्का जाम करने का कार्य करेंगे।