कासगंज। पिछले दो दिन से लगातार हो रही बारिश के कारण सड़कों पर भी बारिश का प्रभाव आया है। अमरपुर बाईपास मार्ग पुल के पास लगातार बारिश के कारण धसक गया। जिससे यातायात पर असर पड़ा। मार्ग से होकर गुजरने वाले भारी वाहनों को वापस लौटना पड़ा, जबकि हल्के वाहनों का यातायात धंसी सड़क से बचकर चलता रहा। लोक निर्माण विभाग ने धंसी हुई सड़क में मिट्टी डलवाना शुरू किया है, लेकिन लगातार बारिश के कारण मिट्टी के और धंसने का अंदेशा बना हुआ है। यदि सड़क और कट गई तो हल्के वाहनों का भी आवागमन ठप हो जाएगा और लोगों की मुसीबत बढ़ जाएगी। यह मार्ग काफी महत्वपूर्ण है। यह मार्ग एटा फोर लेन मार्ग से जुड़ा हुआ है। जिससे एटा की ओर से आने वाला ट्रैफिक गल्ला मंडी, सहावर व सोरों की ओर निकलता है तो वह इसी मार्ग से होकर निकलता है। और बारिश होने की आशंका है। जिससे मार्ग कटने की आशंका भी बनी हुई है।