आंबेडकर पुल पर मरम्मत कार्य करते कर्मचारी
- फोटो : अमर उजाला
अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद मंगलवार को राज्य सेतु निगम ने आंबेडकर पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत शुरू कर दी है। उधर, एक साल पहले बजट और काम स्वीकृत हो जाने के बाद भी निर्माण शुरू न करने पर महापौर नवीन जैन ने आवास विकास परिषद के इंजीनियरों को अपने कैंप कार्यालय पर तलब किया।
उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम ने 2008 में 30 करोड़ लागत से यमुना किनारा से महताब बाग, एत्माद्दौला मोड़ तक नदी पर 650 मीटर लंबे पुल का निर्माण कराया था। 2010 में पुल पर आवागमन शुरू हुआ। 10 साल में ही पुल जर्जर हो गया। मंगलवार के अंक में अमर उजाला ने इस पुल की हकीकत सामने रखी। सुबह सेतु निगम की टीम पुल की मरम्मत के लिए पहुंच गई।
संबंधित खबर- आगराः आंबेडकर पुल में आई दरार...पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने किया था शिलान्यास
अवर अभियंता सगीर अहमद ने बताया क्षतिग्रस्त हिस्सों का लेंटर ड्रिल मशीन से तोड़ा जा रहा है। फिर माइक्रो कंक्रीट से नया लेंटर बिछेगा। माइक्रो कंक्रीट की पकड़ अच्छी है। आधी सड़क को बैरिकेडिंग से बंद किया है। दो एक्सपेंशन ज्वाइंट की मरम्मत होगी। एप्रोच का कुछ हिस्सा दोबारा बनेगा। सात दिन में काम पूरा हो जाएगा।
पुल की होगी तकनीकी जांच
डिवीजनल कमिश्नर अनिल कुमार ने आंबेडकर पुल की तकनीकी जांच कराने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा पीडब्ल्यूडी चीफ इंजीनियर से रिपोर्ट मांगी है। सेतु निगम को बरसात से पहले पुल की मरम्मत के निर्देश दिए थे। समय पर मरम्मत क्यों नहीं की गई इसका जवाब परियोजना प्रबंधक से मांगा है।
72 घंटे के अंदर शुरू होगा सुल्तानगंज चौराहा पुलिया का निर्माण
एक साल पहले बजट और काम स्वीकृत हो जाने के बाद भी निर्माण शुरू न करने की अमर उजाला की मंगलवार को प्रकाशित खबर के बाद मेयर नवीन जैन ने आवास विकास परिषद के इंजीनियरों को अपने कैंप कार्यालय पर तलब किया।
मेयर ने सुल्तानगंज चौराहा-मुगल रोड पुलिया पर काम शुरू न करने पर इंजीनियरों से जवाब मांगा। कैंप कार्यालय पहुंचे आवास विकास के अधिशासी अभियंता चंद्रमा राम और अवर अभियंता राजीव वर्मा ने मेयर से कहा कि 72 घंटे में पुलिया के चौड़ीकरण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
'काम शुरू न करना मतलब जनता को धोखा देना'
दोपहर में कैंप कार्यालय पर मेयर नवीन जैन ने नाराजगी जाहिर करते हुए इंजीनियरों से कहा कि यह घोर लापरवाही है। यह कार्य स्वीकृत हो चुका है और इस कार्य योजना के लिए पैसा भी है तो काम शुरू ना करना जनता को धोखा देना है। यदि आपका काम में मन नहीं लग रहा है तो बता दें लेकिन काम में किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी।
स्पष्टीकरण नहीं काम चाहिए : मेयर
मेयर नवीन जैन ने कहा कि मैंने आवास विकास के इंजीनियरों को बुलाया था। मुझे अब कोई स्पष्टीकरण नहीं चाहिए, केवल 3 दिन के अंदर काम शुरू होना चाहिए। मुझे परिषद ने आश्वस्त किया है कि मुगल रोड पुलिया चौड़ीकरण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
निर्माण के लिए दिया ज्ञापन
सुल्तागंज बाजार कमेटी के अध्यक्ष मुरारीलाल गोयल ने मुरारी लाल गोयल ने बताया कि उन्होंने मेयर को अमर उजाला की खबर के बारे में बताया। साथ ही ज्ञापन देकर पुलिया निर्माण की मांग की। इस पर मेयर ने अधिकारियों से कहा कि 60 दिन के अंदर निर्माण पूरा हो जाना चाहिए।