खुले नालों से हो रहे हादसों और सेहत पर पड़ रहे दुष्प्रभावों को देखते हुए अमर उजाला ने करीब 20 दिन तक अभियान चलाकर अव्यवस्था को उजागर किया। इसके बाद नगर निगम अधिकारियों ने खुले नालों का सर्वे कराकर शहर के चारों जोन में मौजूद 411 में से 140 नालों को ढकने की योजना बनाई। निगम ने इसके लिए 114.15 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया है। इसके लिए शासन से बजट मांगा जाएगा।
शहर के खुले नालों में गिरकर हाल ही में तीन लोगों की जान चली गई। सुभाष बाजार में मंटोला नाले में गंगा देवी गिरीं तो चार दिन बाद उनका शव नाले में ही किले के पीछे मिला। फ्रीगंज में शीला देवी और केदार नगर में ओमप्रकाश देवानी की मौत हो गई।
अमर उजाला खतरनाक नालों को ढकने के लिए जनता की आवाज बना। शहर के सामाजिक, व्यापारिक संगठनों, नालों के किनारे रह रहे लोगों, पार्षदों, विधायकों और एक्टिविस्ट की मांग को मंच दिया। मंगलवार को नगर निगम ने ड्रेनेज प्लान तैयार कर शासन भेजने की कार्रवाई की। केदार नगर के नाले को 60 लाख रुपये की लागत से बनवाने के साथ ढकने का प्रस्ताव बनाया। वहीं, फ्रीगंज, बाबरपुर रोड और लोहामंडी में छोटे नालों पर मंगलवार को ही स्लैब रखवा दिए गए।
सबसे ज्यादा हरीपर्वत में
जोन नालों की संख्या
छत्ता 32
लोहामंडी 26
ताजगंज 35
हरीपर्वत 47
कुल 140
इन्हें पहले किया जाएगा सुरक्षित
छत्ता जोन: वार्ड-82 में टेढ़ी बगिया चौराहे से रामबाग चौराहे तक मुख्य मार्ग और हाथरस रोड तक का नाला, वार्ड-55 शाहदरा-जसवंत नगर में माता मंदिर नाला, वार्ड-53 ट्रांस यमुना कॉलोनी में चार सैयद से अप्सरा टॉकीज पुलिया तक तथा वार्ड-67 नवलगंज में स्टेशन रोड से बाबा मंदिर तक का नाला पहले ढका जाएगा।
हरीपर्वत जोन: वार्ड-10 बुढ़ान सैय्यद बस्ती नाला, वार्ड-12 लंगड़े की चौकी स्थित हनुमान मंदिर के पास का नाला, वार्ड-28 चौरंगा मंदिर से नगला पदी मुख्य मार्ग का नाला, वार्ड-34 सरला बाग चौराहे से बाईपास चौराहे तक तथा आगरा पब्लिक स्कूल से पालीवाल पार्क चौराहे तक का नाला और वार्ड-56 रजवाड़ा में वाल्मीकि पुलिया से गिर्राज नगर मोड़ तक का नाला ढका जाएगा।
ताजगंज जोन: वार्ड-41 में बैकुंठी देवी स्कूल के सामने का नाला, वार्ड-61 ख्वासपुरा, वार्ड-77 में शहीद नगर पुलिस चौकी से डबल पेट्रोल पंप तक, इंदिरापुरम 100 फुटा रोड से बैंक कॉलोनी-डाॅ. राय स्कूल तक, वार्ड-70 मधुनगर मुख्य मार्ग का नाला तथा मुगल पुलिया से गोबर चौकी सब्जी मंडी तक के नाले को कवर किया जाएगा।
लोहामंडी जोन: सेक्टर-चार पुलिस चौकी के सामने से सेंट्रल पार्क तक, वार्ड-47 में कारगिल पेट्रोल पंप से ईंट मंडी तक, वार्ड-69 आवास विकास में बैनारा फैक्टरी के सामने का नाला, जगदीशपुरा खतैना नाला और सेक्टर-चार पुलिस चौकी से सेक्टर-11 शनिदेव मंदिर तक के नाले को सुरक्षित किया जाएगा।
नगर आयुक्त संतोष कुमार का कहना है कि खुले नालों में लोगों के गिरने की घटनाओं को रोकने के लिए सर्वे के बाद 140 नाले चुने गए हैं। इनकी योजना तैयार की गई है। 114.15 करोड़ का प्रस्ताव तैयार कर शासन भेज रहे हैं। बजट मिलने पर काम शुरू कराया जाएगा। फिलहाल जिन जगहों पर हादसे हुए उन्हें कवर कराया जा रहा है। नाले ढकने से जलप्रवाह बाधित न हो इसका ध्यान रखा जाएगा।
मेयर हेमलता दिवाकर ने बताया कि नालों में गिरने की दुखद घटनाएं हुई हैं। मैंने नगर आयुक्त से कहा है कि जो भी नाले अब बनें, उन्हें ढकवाया जाए। शुरुआत जनकपुरी से होगी। हाईवे से टंकी तक नाला ढकवा रहे हैं। लंगड़े की चौकी, मंडी समिति समेत बड़े नाले निर्माण के साथ ही ढके जाएंगे। यह काम चरणबद्ध होगा। एक साथ सभी नाले नहीं ढकवा सकते। धीरे-धीरे सभी पर काम होगा।