आईएसबीटी पर बना फ्लाईओवर
आगरा-मथुरा हाईवे पर ट्रांसपोर्ट नगर के पास आईएसबीटी पर नया फ्लाईओवर मार्च 2022 में बनकर तैयार हुआ है। तकरीबन 30 करोड़ रुपये की लागत से बने इस फ्लाईओवर से दिल्ली, मथुरा का ट्रैफिक सीधा कानपुर की ओर निकल जाता है। यहां जाम से राहत मिली है, लेकिन अब भगवान टाकीज का संकरा ओवरब्रिज रफ्तार में रोड़ा बना हुआ है।
इलेक्ट्रिक बसों ने दिया ट्रांसपोर्ट को नया आयाम
स्मार्ट सिटी में तब्दील हो रही ताजनगरी की सड़कों पर अब चमचमाती और सुविधाओं से युक्त इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू हो गया है। महात्मा गांधी मार्ग से लेकर खेरिया हवाई अड्डे तक सात रूटों पर 30 बसें संचालित की जा रही हैं। आगरा-मथुरा सिटी बस ट्रांसपोर्ट लिमिटेड की ओर से 100 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शहर में किया जाना है। इसी साल शहर के सभी रूटों पर इलेक्ट्रिक बसों के सफर का आनंद शहरवासी उठा सकेंगे। इन बसों का चार्जिंग स्टेशन नरायन में बनाया गया है। 28 सीटर इन बसों के चलने से सिटी ट्रांसपोर्ट को नई रफ्तार मिली है।