कासगंज। जमीन की खरीद बिक्री को लेकर लगातार धोखाधड़ी क मामले सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला शहर में सामने आया है। जिसमें प्लॉट खरीदने वाले लोगों से साढ़े तीन लाख रुपये प्लॉट की बिक्री करने वाले तीन आरोपियों ने हड़प लिए और प्लॉट का बैनामा नहीं कराया। अब पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर मामले में कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता मुस्तकीम राइन निवासी मोहल्ला नाथूराम ने आरोप लगाया है कि 15 अप्रैल 2019 को यासीन उर्फ बबलू ने दलाल साथी सलीम उर्फ राजू के साथ मिलकर मोहल्ला नाथूराम गली खेडिय़ा में एक प्लॉट किसरौली अड्डे पर दिखाया। जिसकी एवज में साढ़े तीन लाख रुपये ले लिए। यह पैसा पत्नी के जेवर गिरवीं रखकर और रिश्तेदारों से उधार लेकर भुगतान किया गया। बैनामा कराने के लिए समय दिया, लेकिन बैनामा नहीं कराया गया। पहले बैनामा कराने की बात को टालते रहे। साढ़े तीन लाख रुपये भी वापस नहीं दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि दूसरों के प्लॉट दिखाकर इस तरह से धोखाधड़ी की जा रही है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
- प्लॉट के विवाद के मामले की जांच पुलिस के द्वारा की जा रही है। जांच के बाद जो भी परिणाम सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। वीपी गिरी, इंस्पेक्टर, कासगंज।