बाह। शादी के बाद से दहेज उत्पीड़न झेल रही सपना ने बेटी को जन्म दिया, तो ससुरालियों का उस पर कहर टूट पड़ा। 5 लाख रुपये और बोलेरो के बिना रखने से इनकार करने पर सपना के पिता ने 8 ससुरालियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
2 मार्च 2024 को बाह के फरैरा गांव की सपना की शादी मुरैना के ढकपुरा गांव के पवन कुमार किरार से हुई थी। सपना के पिता रामसेवक ने पुलिस को बताया कि ससुराली 5 लाख रुपये एवं बोलेरो की मांग को लेकर सपना का उत्पीड़न कर रहे थे। 15 जून 2024 को बिचौलिया अम्बाह के रनवीर एवं रिश्तेदारों के साथ सपना की ससुराल में पंचायत की। पंचायत में ससुरालियों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर सपना को छोड़ने एवं पवन कुमार किरार की दूसरी शादी करने की धमकी दी। दिसंबर 2025 में सपना ने बेटी को जन्म दिया था। बेटी के जन्म के बाद भी ससुरालियों का उत्पीड़न नहीं रुका, तो उसे बच्ची के साथ अपने घर ले आया। ससुराली सपना को रखने को तैयार नहीं हैं। बाह पुलिस ने बताया कि तहरीर पर सपना के पति पवन कुमार किरार, ससुर रमाकांत, सास विमला देवी, जेठ यतेन्द्र कुमार, राहुल, जेठानी श्रीमती अनिल, रामकन्या, देवर नीलेश के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।