मैनपुरी। एलाऊ थाने की रतनपुर बरा चौकी की जमीन का बैनामा फर्जी तरीके से कराए जाने का मामला सामने आया है। सोमवार को इस संबंध में तहसील भोगांव में आयोजित समाधान दिवस में एसडीएम भोगांव संध्या शर्मा को यह शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत देख प्रशासन के कान खड़े हो गए। एसडीएम ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
शिकायतकर्ता वेद प्रकाश मिश्रा निवासी रतनपुर बरा ने बताया कि वर्ष 1989-90 में परिवार के बुजुर्गों ने अपनी जमीन के 75 फीसदी हिस्से को पुलिस को सहमति से दान दिया था। इस जमीन पर बाद में रतनपुर बरा चौकी की स्थापना उसी वर्ष हो गई। 2011 में गांव के ही एक व्यक्ति ने फर्जी तरीके से एक बैनामा कराया, जिसमें चौकी के बराबर की जमीन और चौकी की बाउंड्रीवाल के भीतर की कुछ जमीन को भी अपना दर्शा दिया।
मूल यह है कि उक्त बैनामे में पांच अलग-अलग खाता नंबरों की जमीन है, इनमें से सिर्फ एक खाता नंबर की जमीन की चौहद्दी खोली गई है। आरोपी फर्जी बैनामाधारक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बैनामे को रद्द किया जाए।