सराफा हत्याकांड के बाद एक बार फिर मथुरा पुलिस ने प्रदेश सरकार की फजीहत कराई है। मथुरा के अमर कालोनी में हुए दंपति हत्याकांड में पुलिस के ढुलमुल रवैये पर हाईकोर्ट ने नाराजगी जताई है।
मृतक दंपति की बेटी की खुदकुशी पर सख्त रुख अख्तियार करते हुए मथुरा पुलिस-प्रशासन को फटकार लगाते हुए जवाब मांगा है। हाईकोर्ट में जवाब देने के लिए पुलिस-प्रशासन की कसरत शुरू हो गई।
बीती आठ मार्च को मथुरा की अमर कालोनी में डबल मर्डर और 15 मई को कोयला गली में सराफा हत्याकांड ने मथुरा पुलिस की जमकर किरकिरी कराई है। हालांकि मथुरा पुलिस ने सराफा हत्याकांड के आरोपियों को दबोचकर पुलिस की हो रही किरकिरी को काफी हद तक दबाने की कोशिश की थी।