महापौर परिषद सम्मेलन में मौजूद विभिन्न शहरों के महापौर
- फोटो : अमर उजाला
सूत्रों के अनुसार, शिवसेना ने भाजपा से इस पद पर अपने दावेदार को जिताने की मांग रखी है लेकिन भाजपा इस पर तैयार नहीं है। इसको लेकर भाजपा और शिवसेना में मतभेद उभरकर सामने आ सकता है। ऐसे में माना जा रहा है कि कांग्रेस पर्दे के पीछे से भाजपा विरोधी महापौरों से हाथ मिलाकर बड़ा दांव खेल सकती है।
दूसरे सत्र में कार्यकारिणा का चुनाव हो सकता है। अगर किसी कारणवश शनिवार को चुनाव नहीं हो पाया तो रविवार को होने वाले पहले सत्र में कार्यकारिणी का चुनाव होगा। इस सम्मेलन में शिरकत करने के लिए देशभर से 90 से अधिक महापौर जुटे हैं।
दूसरे सत्र का शुभारंभ उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा करेंगे। वह दोपहर करीब तीन बजे होटल होली डे इन पहुंचेंगे। इनके अलावा कार्यक्रम में उत्तराखंड की राज्यपाल बेबीरानी मौर्य, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना आदि मौजूद रहेंगे।
शुक्रवार को इंदौर की महापौर मालिनी गौर, भुवनेश्वर के महापौर डॉ. जगन्नाथ महापात्रा सहित कई शहरों के महापौर पहुंच गए। पार्षदों ने फूलमाला पहनाकर इनका स्वागत सत्कार किया। आगरा में पहली बार हो रही महापौर परिषद की 50वीं बैठक की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया।
इसमें स्वच्छता और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा गया है। महापौर नवीन जैन, नगर आयुक्त अरुण प्रकाश ने पार्षद मोहन सिंह लोधी, प्रकाश केशवानी, प्रदीप अग्रवाल, सविता अग्रवाल, अनुराग चतुर्वेदी, शहर चौहान, आशीष पाराशर, संजय राय, राहुल चौधरी आदि को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी हैं।