कासगंज। त्योहारों के मद्देनजर शहर को संवेदशनशील श्रेणी में रखा गया है। ऐसे में शहर त्योहारों पर पुलिस प्रशासन के कड़े पहरे में रहेगा। शहर को दो जोन और सात सेक्टर में बांटकर पुलिस के साथ ही अर्धसैनिक बल के जवानों की तैनाती की गई है। प्रशासनिक अफसर और पुलिस के अफसर जोन और सेक्टर पर तैनात किए गए हैं।
ईद और सावन का अंतिम सोमवार आज है। इसके बाद रक्षाबंधन, और स्वतंत्रता दिवस हैं। विगत वर्ष 26 जनवरी 2018 को हिंसा के बाद शहर को संवेदनशील श्रेणी में शामिल किया गया है। त्योहार और पर्वों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सुरक्षा की दृष्टि से शहर में सुरक्षा कवच योजना लागू की गई है। दो जोन और सात सेक्टर पर अधिकारी तैनात किए गए हैं।
सेक्टर पर प्रभारी निरीक्षक स्तर के अधिकारी रहेंगे। जबकि दो जोन सीओ स्तर के अधिकारियों के हवाले रहेंगे। एसडीएम भी जोनस्तर पर निगरानी करेंगे। शहरभर में बनाए गए प्वाइंटों पर पुलिसबल की तैनाती की गई है। छतों पर बाइनाकुलर और आधुनिक उपकरणों सहित पुलिसबल की तैनाती की गई है। पुलिस के साथ साथ अर्धसैनिक बल के जवानों की तैनाती की गई है। रैपिड रिएक्शन फोर्स की दो टुकड़ी शहर भर में तैनात रहेंगी।
सोशल मीडिया की कड़ी निगरानी
कासगंज। पुलिस प्रशासन ने सोशल मीडिया की भी कड़ी निगरानी शुरू की है। चेतावनी दी गई है यदि किसी ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डाली और किसी ने शेयर या लाइक किया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। मुकदमा दर्ज कर उसे तत्काल जेल भेजा जाएगा।
- पर्व और त्योहारों को भाईचारे के साथ मनाएं। कोई भी ऐसा कार्य न करें कि जिससे किसी की भावना आहत हों। शहर की संवेदनशीलता देखते हुए पूरी तैयारी कर ली गई है। प्रशासन और पुलिस के अफसर पूरी तरह नजर रखेंगे।
- चंद्र प्रकाश सिंह, डीएम।
- त्योहार शांति के प्रतीक होते हैं। हम हंसी खुशी त्योहार मनाएं। शहर को सेक्टर और जोन में बांटा गया है। आवश्यकता के अनुसार पुलिसबल की तैनाती कर दी गई है। अर्धसैनिक बल के जवान भी पूरी तरह मुस्तैदी बरतेंगे।
- सुशील घुले, एसपी।