जिले में लू को लेकर अलर्ट जारी
- सीएमओ बोले, तेज धूप के बीच घर से निकलें तो बरतें सावधानी
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। स्वास्थ्य विभाग ने जिले में गर्म हवा (लू) को लेकर अलर्ट जारी कर दिया है। सीएमओ ने जिले के लोगो से तेज धूप और गर्म हवाओं से बचाव की सलाह दी है। संक्रामक बीमारियों के प्रभारी डॉ. अनिल यादव ने सभी चिकित्साधीक्षकों को पत्र जारी कर सलाह दी है कि वे अपने क्षेत्र के लोगों को जागरूक करें।
डॉ. अनिल यादव ने बताया कि हीटवेव (लू) अत्यधिक तामपान, उच्च आद्रता एवं वातावरण की परिस्थितियों के अनुसार रहने वाले लोगो पर कुप्रभाव डालती है। कभी-कभी इन परिस्थितियों से जन-मानस एवं शिशुओं की मृत्यु तक हो जाती है। उन्होंने बताया कि जिले का तापमान 40 डिग्री के निकट पहुंच रहा है। ऐसे में जिले में हीटवेव का खतरा बढ़ गया है। यदि समय रहते बचाव पर ध्यान नहीं दिया गया तो बीमारियां बढ़ सकती हैं। ऐसे में समय से बचाव पर ध्यान दिया जाए लोगों को हीटवेव से बचाया जा सकता है।
लू लगने के लक्षण
- शरीर का तापमान बढ़ना एवं पसीना न आना
- सिरदर्द होना
- त्वचा का सुखा एवं लाल होना
- उल्टी दस्त होना
- मांसपेशियों में ऐंठन
- बेहोश हो जाना
बचाव के उपाय
- पेय पदार्थ पियें
- सफेद या हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें
- अधिक गर्मी में घर से बाहर ना निकलें
- छाया में बैठकर विश्राम करें
- बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं का विशेष ध्यान रखें
- सिर पर गीला कपड़ा रखें और शरीर को कपड़े से ढककर बाहर निकलें
- बार-बार पानी पियें