अयोध्या में राम मंदिर बनाए जाने का मुद्दा चुनाव से पहले एक बार फिर गर्मा रहा है। विहिप ने 25 नवंबर को अयोध्या में धर्मसभा करने का एलान किया है। इसे देखते हुए आगरा जोन में पुलिस को अलर्ट किया गया है। कारण यह है कि मुद्दा गर्माए जाने के साथ फिजा में तनाव बनने की आशंका बनती जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के पास खुफिया इनपुट यह है कि आरएसएस, विहिप, बजरंग दल, राष्ट्रीय बजरंग दल, हिंदू महासभा समेत कई संगठन इन दिनों सक्रिय हैं। छह दिसंबर भी नजदीक आ रहा है। आठ को दिल्ली में धर्मसभा है जिसमें साधू-संत जुटेंगे। साधू-संतों ने आठ दिसंबर से सात दिनों तक धार्मिक अनुष्ठान की घोषणा भी की है।
ऐसे में जोन के आठों जिलों की पुलिस को एडीजी जोन अजय आनंद ने अलर्ट जारी किया है। इसमें निर्देश दिए गए हैं कि मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में गश्त बढ़ाई जाए। ऐसे क्षेत्रों में किसी संगठन द्वारा जुलूस निकाला जाता है, नारेबाजी की जाती है या सभा का आयोजन किया जाता है तो उसकी अनुमति देने से पहले देख लें कि इसके फिजा तो खराब नहीं होगी।